आज भी बारिश के आसार, कल से साफ होगा मौसम
राजस्थान में बने अपर एयर सर्कुलेशन व पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बुधवार को पूर्वी यूपी का मौसम बदल गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई। दिन में पारा लुढ़क गया। शाम को तेज बारिश शुरू हुई जो कि देर रात तक जारी रही। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बारिश की आशंका जताई है। शुक्रवार को दोपहर तक मौसम साफ होने की उम्मीद है।
बीते तीन दिन से राजस्थान में अपर एयर सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी यूपी में पश्चिमी विक्षोभ है। एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण बुधवार को मौसम ने जोरदार करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया। दोपहर 3 बजे मौसम कुछ देर के लिए साफ हुआ। सूरज बादलों की ओट से बाहर निकला। हालांकि इस दौरान 10 किलोमीटर की रफ्तार से पूरवा हवाएं चली। शाम में एक बार फिर मौसम ने रंग बदला। आसमान में काले घने बादल छा गए। गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई जो कि देर रात तक होती रही।
बुधवार को 2.6 मिलीमीटर बारिश हुई। बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा के चलते अभ्यर्थियों को मौसम ने काफी परेशान किया। खासकर दूसरी पाली की परीक्षा छूटते ही बारिश भी शुरू हो गई। अभ्यर्थी भीगते हुए अपने घर को रवाना हुए।
दिन में लुढ़का पारा, ठिठुरे लोग
मौसम में परिवर्तन के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई। बुधवार को अधिकतम आर्दता 92 फीसदी रही। न्यूनतम आर्दता भी 77 फीसदी रही। तेज रफ्तार से चली हवाओं के ठंड बढ़ गई। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस ही रहा। यह भी सामान्य रहा।
दिन में हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विशेषज्ञ केसी पाण्डेय ने बताया कि पूर्वी यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके अलावा राजस्थान में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इसका असर गुरुवार को रहेगा। महानगर में दिन में बूंदाबांदी होगी। जिले के उत्तरी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद गलन और बढ़गी